नगर में पहली बार निःशुल्क सामूहिक ओपन गरबा का आयोजन, परिवारों ने लिया हिस्सा; दूध और फरियाली खिचड़ी की प्रसादी का हुआ वितरण…
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर नगर के गरबा पांडालों तथा मंदिरों में गरबा कार्यक्रम तथा दूध फरियाली खिचड़ी की प्रसादी का वितरण किया गया। इस अवसर पर नगर में पहली बार मृत्युंजय होटल गार्डन में सामूहिक ओपन गरबा का भी भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, उल्लास और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े इस आयोजन में नगरवासियों ने परिवार सहित उत्साहपूर्वक सहभागिता की। नगर में पहली बार शरद पूर्णिमा पर निःशुल्क सामूहिक गरबा कार्यक्रम आयोजित होने से लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। शाम से शुरू हुआ गरबा देर रात तक चलता रहा। गरबा की धुनों पर प्रतिभागियों ने पारंपरिक अंदाज में नृत्य कर उत्सव को यादगार बनाया।
सामाजिक कार्यकर्ता पवन पाटीदार (मृत्युंजय), अरविंद पटेल ने बताया कि शरद पूर्णिमा हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व रखती है। मान्यता के अनुसार, इस पूर्णिमा की चांदनी अमृतमयी मानी जाती है। इस पावन अवसर पर धार्मिक परंपराओं के साथ सामूहिक आयोजन करने की विशेष महत्ता है। इसी भावना के साथ आयोजित गरबा कार्यक्रम में लोगों ने भक्ति, उमंग और सामूहिक सहभागिता का परिचय दिया।
*परिवारों ने उत्साह से लिया हिस्सा, देर रात तक चला गरबा*
मृत्युंजय होटल गार्डन में आयोजित ओपन गरबा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों सहित बच्चों और युवाओं ने भाग लिया। परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने गरबा की लय और संगीत के बीच उत्सव का आनंद लिया। आयोजन स्थल पर शाम से ही चहल-पहल शुरू हो गई थी। जैसे-जैसे समय आगे बढ़ा, प्रतिभागियों का उत्साह भी बढ़ता गया। देर रात तक गरबा की धूम बनी रही।
*ड्रायफ्रूट युक्त केसरिया दूध और फरियाली खिचड़ी का वितरण*
धार्मिक परंपरा और सामूहिक प्रसन्नता के भाव के साथ आयोजन में शामिल लोगों के लिए ड्रायफ्रूट युक्त दूध और फरियाली खिचड़ी का वितरण किया गया। शरद पूर्णिमा पर दूध ग्रहण करने की परंपरा को देखते हुए इस प्रसादी वितरण का विशेष महत्व रहा। लोगों ने प्रसादी ग्रहण कर आयोजन में सहभागिता की।
नगर में पहली बार इस तरह के निःशुल्क सामूहिक ओपन गरबा आयोजन से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक मेल-मिलाप और सांस्कृतिक परंपराओं को भी बढ़ावा मिला। आयोजन ने लोगों को एक साथ आकर पर्व मनाने का अवसर प्रदान किया।
