
जनता दरबार’ में कुल 26 आवेदनों की सुनवाई

अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश
जहानाबाद। जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को आयोजित ‘जनता दरबार’ में कुल 26 आवेदनों की सुनवाई की गई। जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने आम लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। यह जनता दरबार “सबका सम्मान, जीवन आसान” संकल्प के तहत आयोजित किया गया था।
समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जिला पदाधिकारी ने 10 आवेदनों पर सुनवाई की। वहीं, सभा कक्ष में अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजीव कुमार और अन्य अधिकारियों ने 16 मामलों की सुनवाई की। कुल 26 मामलों को आगे की निस्तारण प्रक्रिया के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
जनता दरबार में शिक्षा विभाग से संबंधित चार, अतिक्रमण से जुड़े छह, जिला परिषद का एक, विद्युत विपत्र से संबंधित एक और भू-अर्जन भुगतान का एक मामला सामने आया। इसके अतिरिक्त, विद्युत आपूर्ति और जलजमाव जैसी अन्य जनसमस्याएं भी प्रस्तुत की गईं। जिला पदाधिकारी ने भूमि विवाद और अतिक्रमण से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए अंचल अधिकारियों को तत्काल स्थल निरीक्षण कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
शिक्षा संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अन्य मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान प्रदान करना है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) विनय कुमार सिंह, सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग विजेता रंजन, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस रचना सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि प्राप्त सभी शिकायतों का नियमानुसार और समयबद्ध समाधान किया जाएगा।