


हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में रविवार को मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, स्वर्ण पदक तथा 21 हजार रुपये की धनराशि का चेक देकर सम्मानित किया गया।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बाबूराम निषाद ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक माहौल तैयार करता है और अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, लगन और निरंतर परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अभिषेक गोयल ने कहा कि ज्ञान और योग्यता व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी उपलब्धियों को नई शुरुआत मानते हुए उच्च लक्ष्य निर्धारित करने तथा निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।इस अवसर पर लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण भी देखा गया, जिसमें योगी आदित्यनाथ ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए शिक्षा, अनुशासन और परिश्रम के महत्व पर प्रकाश डाला।समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष शकुंतला निषाद, संतोष गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक महेश कुमार गुप्ता, मोहम्मद जलीश खान सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
