
भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए जनता दरबार का आयोजन
जनता दरबार में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन, जमाबंदी सुधार, परिमार्जन, रसीद कटौती और अतिक्रमण से जुड़े 20 से अधिक मामले सामने आए
जहानाबाद। घोसी अंचल कार्यालय में भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान अंचल अधिकारी सुधीर तिवारी ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के निर्देश संबंधित कर्मियों को दिए। जनता दरबार में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन, जमाबंदी सुधार, परिमार्जन, रसीद कटौती और अतिक्रमण से जुड़े 20 से अधिक मामले सामने आए। इनमें से कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।कुछ जटिल मामलों को लेकर संबंधित राजस्व कर्मचारियों और अंचल निरीक्षकों को जांच कर शीघ्र रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया, ताकि मामलों का समाधान जल्द किया जा सके।अंचल अधिकारी ने बताया कि सरकार के निर्देश पर प्रत्येक सोमवार को यह जनता दरबार आयोजित किया जाता है, जिसका उद्देश्य आम लोगों की भूमि संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।जनता दरबार में आए लोगों ने इस व्यवस्था की सराहना की और कहा कि इससे उन्हें अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिला है, जिससे प्रशासन पर भरोसा बढ़ा है।
