

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन को राहत पहुंचाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं लागू की हैं। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशन में विभिन्न विभागों के समन्वय से पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और विश्राम स्थलों की व्यवस्था युद्धस्तर पर संचालित की जा रही है।प्रशासन द्वारा जिले में कुल 54 प्याऊ एवं वाटर कूलर संचालित किए जा रहे हैं। नगर पालिका परिषद हमीरपुर के छह प्रमुख स्थानों पर शीतल पेयजल, छायादार शेड, एयर कूलर और बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सुमेरपुर में 12, सरीला में दो, राठ में 19, कुरारा में 10 तथा गोहाण्ड में पांच स्थानों पर प्याऊ और वाटर कूलर लगाए गए हैं।

पेयजल संकट से निपटने के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 20,945 हैंडपंप एवं अन्य जल स्रोतों को क्रियाशील रखा गया है। आवश्यकतानुसार पानी के टैंकरों और नलकूपों के माध्यम से भी जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।स्वास्थ्य विभाग ने भी लू एवं तापघात से बचाव के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

अब तक जिले में 1.70 लाख ओआरएस पैकेट निःशुल्क वितरित किए जा चुके हैं। वहीं मरीजों के उपचार के लिए 47 कोल्ड रूम स्थापित किए गए हैं। सभी सीएचसी, पीएचसी और सीएचओ केंद्रों पर ओआरएस कॉर्नर बनाकर स्वच्छ पेयजल एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है।जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं सक्रिय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
