
भैंसुर और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर पति की हत्या कर शव गायब करने का गंभीर आरोप

पीड़िता परिजनों और ग्रामीणों के साथ एसपी कार्यालय पहुंची और न्याय की गुहार लगाई

जहानाबाद। जिले में एक महिला ने अपने भैंसुर और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर पति की हत्या कर शव गायब करने का गंभीर आरोप लगाया है। यह मामला घोसी थाना क्षेत्र के डेढ़साईं बीघा गांव का है। पीड़िता पुष्पा कुमारी मंगलवार शाम को अपने परिजनों और ग्रामीणों के साथ एसपी कार्यालय पहुंची और न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता पुष्पा कुमारी ने बताया कि घटना के समय वह अपने मायके में थी। सोमवार सुबह उसे गांव के लोगों से सूचना मिली कि उसके पति राजेश कुमार के साथ कोई अप्रिय घटना हुई है। सूचना मिलने पर वह सोमवार सुबह अपने ससुराल डेढ़साईं बीघा पहुंची, लेकिन वहां पति का कोई सुराग नहीं मिला। महिला का आरोप है कि उसके भैंसुर और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने मिलकर उसके पति की हत्या की और शव को गायब कर दिया।
मामले में घोसी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसका कांड संख्या 255/26 है। प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे बीत जाने के बावजूद पति का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन पुलिस कार्रवाई को लेकर चिंतित हैं। मंगलवार शाम को एसपी कार्यालय पहुंची महिला ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करने, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और अपने पति को बरामद करने की मांग की। उसने मीडिया से बातचीत के दौरान भी न्याय की अपील की।