

स्थानीय लोगों ने किया बिजली विभाग से निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाने की मांग
जहानाबाद। जिले के काजीपुर टाली मोहल्ले में मंगलवार को घर निर्माण के दौरान एक युवक करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल युवक की पहचान काजीपुर टाली निवासी नीतीश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने बताया कि मंगलवार दोपहर नीतीश कुमार अपने घर में ढलाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान वे अचानक बिजली के संपर्क में आ गए, जिससे उन्हें जोरदार करंट लगा। करंट लगने के बाद वे मौके पर ही गिर पड़े और गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तुरंत जहानाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। चिकित्सक डॉ. आफताब आलम की देखरेख में युवक का उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, घायल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाने की मांग की है।
