
छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित

छात्राओं को महिला उत्पीड़न, पॉक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा और संबंधित कानूनों की दी गई विस्तृत जानकारी

जहानाबाद। पुलिस के अभया ब्रिगेड ने काको थाना क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण कानूनी और सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान करना था। जिस दौरान छात्राओं को महिला उत्पीड़न, पॉक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा और उनसे संबंधित कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को थाना में स्थापित महिला हेल्प डेस्क, साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन और डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवाओं के बारे में बताया। उन्हें नए आपराधिक कानूनों से भी अवगत कराया गया ताकि वे अपने अधिकारों और सुरक्षा तंत्र को समझ सकें।
टीम ने छात्राओं से महिलाओं से संबंधित अपराधों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। पुलिस ने आश्वस्त किया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए वे लगातार तत्पर हैं और किसी भी कठिनाई की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित किया जाए। यह भी बताया गया कि विद्यालय के आसपास भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। सरकार द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो विद्यालय की छुट्टी के बाद छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति महिला का उत्पीड़न नहीं कर सकता है और महिला की सुरक्षा सर्वोपरि है। ऐसे संवाद कार्यक्रम हर विद्यालय में आयोजित किए जाएंगे ताकि छात्र-छात्राएं कानून की जानकारी प्राप्त कर अपनी और दूसरों की सहायता कर सकें।