

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा। हमीरपुर।05 मई मौदहा कस्बा सहित आसपास के गांवों में मंगलवार की शाम तूफानी बारिश और ओलावृष्टि ने तबाही मचा दी है। एक महिला की मौत हो गई है।वहीं कृषि उत्पादन मंडी समिति में सरकारी खरीद केंद्रों के बाहर खुले आसमान में रखा हजारों कुंतल गेहूं भीग गया है।

कृषि उत्पादन मंडी समिति में कई खरीद केंद्रों में गेहूं की उठान न होने से यहां पर गेहूं रखने के लिए जगह नहीं बची है। इसके चलते हजारों कुंतल गेहूं खुले आसमान तले रखा है। मंगलवार को तूफानी बारिश और ओलावृष्टि ने यह गेहूं भीग गया है। वहीं कई किसान जोकि अपना गेहूं तौलाने के लिए कई दिनों से इंतजार में थे उनका गेहूं भी बारिश में भीगकर बर्बाद हो गया है।

तूफानी बारिश से चारों ओर तबाही मचाई है। कस्बा में सैकड़ों पेड़ और बिजली के पोल धराशाई हो गए हैं।कई गाड़ियां इन पेड़ों में दबकर छतिग्रस्त हो गई हैं। लोगों के घरों के छज्जे और दीवारें गिर गई हैं। कोतवाली क्षेत्र के गांव पड़ोरी के नई दिल्ली डेरा में टीन सेड की चपेट में आने से सावित्री पत्नी रामबाबू की दर्दनाक मौत हो गई है वहीं संतोषिया पत्नी विनोद और अमरपाल पुत्र रामपाल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
ब्लाक में पेड़ गिरने से एडीओ पंचायत की कार और कई बाइकें छतिग्रस्त हो गई हैं, और बहुमंजिला इमारतों और सरकारी भवनों की खिडकियोँ के कांच टूट गए ।जबकि बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई। बताते चलें कि मंगलवार शाम तूफान अपने साथ आँधी पानी और ओलों के साथ तबाही लेकर आया था जिसने जहाँ क्षेत्र में करोडों रुपये की सम्पत्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया वहीं हजारों लोगों को भी पूरी तरह से बर्बाद कर दिया।
