A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेशहमीरपुर

हमीरपुर :82 नव चयनित आंगनवाड़ी सहायिकाओं को मिला नियुक्ति पत्र, जिलाधिकारी व विधायक ने दी शुभकामनाएं

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

हमीरपुर। जनपद में महिला एवं बाल विकास व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 82 नव चयनित आंगनवाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इनमें सुमेरपुर ब्लॉक की 50 तथा कुरारा ब्लॉक की 32 सहायिकाएं शामिल हैं। कार्यक्रम जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशन में तथा सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

Related Articles

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि शून्य से छह वर्ष तक के बच्चों को उचित पोषण उपलब्ध कराना उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने नव चयनित सहायिकाओं से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने कहा कि आंगनवाड़ी सहायिकाएं समाज के सबसे महत्वपूर्ण वर्ग—माताओं और बच्चों—के कल्याण से सीधे जुड़ी होती हैं। प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और बच्चों के समुचित पोषण के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भूमिका अत्यंत अहम है। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं मेरिट आधारित रही है।

इस दौरान नव नियुक्त सहायिकाओं को विभागीय योजनाओं, पोषण अभियान, टीकाकरण कार्यक्रम तथा बाल विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी इंद्रपाल सिंह, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता जलीश खान, बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

समारोह का समापन सभी नव चयनित सहायिकाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देकर किया गया।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!