
कोटपूतली-बहरोड़। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और जाम की समस्या पर अंकुश लगाने के लिए कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाते हुए राजमार्ग पर बड़ी कार्रवाई की है। नो पार्किंग जोन में खड़े वाहन, गलत साइड, तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर दर्जनों वाहन जब्त किए गए।

यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज राहुल प्रकाश आईपीएस एवं पुलिस अधीक्षक कोटपूतली-बहरोड़ सतवीर सिंह आईपीएस के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटपूतली नाजिम अली खान व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमराना सुरेश खिंची के निर्देशन में थानाधिकारियों ने विशेष टीम गठित कर राजमार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अभियान के दौरान यातायात में बाधा डालने और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 285 व 125 तथा मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 122, 177 व 184 के तहत विभिन्न मामले दर्ज किए गए हैं।
एसपी सतवीर सिंह ने कहा कि राजमार्ग पर नो पार्किंग, गलत साइड, तेज गति एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आमजन से अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद हाईवे पर वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।