

,रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। सूरज के प्रचंड तेवर से प्रदेश के साथ मालवा निमाड़ की संगम स्थल मनावर नगर भी बेतहाशा गर्मी में तप रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 44°C रेकॉर्ड किया गया। खुशनुमा मौसम के लिए प्रसिद्ध मालवा भी इस बार भीषण तप रहा है। कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया जबकि गर्मी के लिए मशहूर निमाड़ अपनी परम्परानुसार अत्यधिक गर्म है।
बताया जाता है कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष तापमान में भीषण बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। क्षेत्र में गर्मी का प्रकोप विकराल रूप ले चुका है जो कि चिंता का विषय है। अब तक का नगर का अधिकतम तापमान 47°C का रिकॉर्ड में दर्ज है मगर इस बार वैशाख माह में सुबह से सूरज आग उगलने लग जाता है तो नौतपा रोहिणी नक्षत्र में तापमान 47°C से पार जाने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
वैशाख का महीना 03अप्रैल से शुरू होकर 01मई को समाप्त होगा। तपती गर्मी और लू के थपेड़ों के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। क्षेत्र में तापमान 41°C से 43°C के पार पहुँच गया है, जिससे लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। सुबह 8-9 बजे से ही सूरज की किरणें आग बरसाने लगती हैं, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है। गर्म हवाओं (लू) ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है, कूलर-पंखे भी राहत नहीं दे पा रहे हैं। भीषण गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, त्वचा एलर्जी, सिरदर्द, और उल्टी-दस्त जैसी समस्याएँ निरंतर बढ़ रही हैं। दोपहर में बाजारों में भीड़ कम हो जाती है, जिससे व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। इन दिनों शादी ब्याह का सीजन चल रहा है। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भारी तादाद में शादियां हो रही है। जिसकी खरीददारी, रसोई कार्य, बाना और बारात में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
18 अप्रैल को जारी जिला कलेक्टर के आदेश से शासकीय, अर्ध शासकीय और प्राइवेट स्कूलो का समय तो परिवर्तित कर सुबह 7 से 12 कर दिया गया मगर इन दिनों दोपहर में स्कूलों से लौटते बच्चों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। वैशाख महीना पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों की सलाह है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से निकलें, साथ में पानी रखें, और सिर को ढक कर रखें। नींबू पानी, दही, छाछ, शीतल पेय, फलों का अधिक उपयोग करने की सलाह दी जा रही है। 29 अप्रैल से 13 मई तक का गर्मी का रेड अलर्ट जारी हुआ। जिसमें औसतन 45°C से 48°C तापमान होंने की संभावना जताई गई है। सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक अनावश्यक घर से बाहर नहीं जाने की भी हिदायत दी जा रही है।
धार्मिक मान्यता हिंदू धर्म में वैशाख का महीना धार्मिक रूप से पवित्र महीना माना जाता है, जिसमें गंगा स्नान और दान-पुण्य का विशेष महत्व है, लेकिन इस बार गर्मी ने शादी ब्याह और धार्मिक आयोजनों पर भी खासा असर डाला है।
