A2Z सभी खबर सभी जिले की

बानसूर की कंचन सैनी ने राज्य स्तरीय बजट क्विज में उठाए शिक्षा और रोजगार के मुद्दे

राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय बजट क्विज कार्यक्रम में बानसूर क्षेत्र की कंचन सैनी ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और रोजगार के मुद्दे प्रमुखता से उठाए। प्रदेशभर से चयनित प्रतिभाशाली युवाओं के साथ कंचन ने कार्यक्रम में भाग लेकर अपने विचार साझा किए।

आरसीआई स्कूल बानसूर की पूर्व छात्रा कंचन सैनी बानसूर के सुभाष चौक बाढ़ धुंधला निवासी प्रकाश चंद सैनी की बेटी हैं। कंचन ने अपने संबोधन में शिक्षा व्यवस्था में सुधार, रोजगार के अवसर बढ़ाने, स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने, कौशल विकास को मजबूत करने तथा ग्रामीण युवाओं के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों को उठाया। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में अवसरों की कमी और उनके असमान वितरण की समस्या पर जोर दिया।

Related Articles

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति भारत के विकास की मजबूत आधारशिला है। मंत्री ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया और सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई कि युवाओं के विचारों को नीति निर्माण में शामिल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी प्रतिभागियों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार युवाओं के सुझावों को प्राथमिकता दे रही है और आगामी बजट में उपयोगी सुझावों को शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य योजनाओं को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाना है।

इस अवसर पर राजस्थान सरकार के वरिष्ठ मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, किरोड़ी लाल मीणा, उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा और दीया कुमारी भी उपस्थित रहे। सभी मंत्रियों ने युवाओं के साथ संवाद किया और उनके सुझावों को सुना। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचार राज्य के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आरसीआई के निदेशक डॉ विजय कुमार ने बताया कि माय भारत के माध्यम से युवा खेल के क्षेत्र में, राष्ट्रीय सेवा योजना में, क्विज प्रतियोगिताओं तथा अन्य विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से माय भारत पर रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की। छात्रा की इस उपलब्धि पर उन्होंने कंचन और उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!