
डिजिटल सौसर की बड़ी छलांग: वेबसाइट लॉन्च और ‘हर घर QR कोड’ से बदलेगा शहर का स्वरूप
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश सरकार के “डिजिटल इंडिया” अभियान के तहत नगर पालिका परिषद सौसर ने शहर को डिजिटल युग में आगे बढ़ाने के लिए दो बड़ी पहल करते हुए एक साथ इतिहास रच दिया है। एक ओर जहां नगर पालिका की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया गया, वहीं दूसरी ओर “हर घर QR कोड” अभियान की शुरुआत कर नागरिक सेवाओं को पूरी तरह ऑनलाइन और स्मार्ट बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है।

नगर पालिका परिषद सौसर की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष संदीपभाऊ मोहोड की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों ने इसे शहर के विकास की दिशा में क्रांतिकारी पहल बताते हुए कहा कि अब नागरिकों को नगर पालिका के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
नई वेबसाइट के माध्यम से अब नागरिक घर बैठे ही जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन, जलकर व अन्य करों का ऑनलाइन भुगतान, तथा विभिन्न दस्तावेजों के लिए आवेदन जैसी सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी बल्कि समय की बचत के साथ त्वरित सेवाएं भी सुनिश्चित होंगी।

वहीं “हर घर QR कोड” अभियान के तहत नगर के प्रत्येक घर पर QR कोड लगाया जा रहा है। इस कोड को स्कैन करते ही नागरिक सीधे नगर पालिका की डिजिटल सेवाओं से जुड़ जाएंगे। इसके जरिए संपत्ति कर भुगतान, यूनिक प्रॉपर्टी आईडी और डिजिटल एड्रेस जैसी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सुरेखा डागा,उपाध्यक्ष विनोद जुनघरे, नगर मंडल अध्यक्ष दर्शन झाडे सहित पार्षदगण, अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को “स्मार्ट सिटी” के सपने को साकार करने की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम बताया।
नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन डिजिटल सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग कर “डिजिटल सौसर” के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

