
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के कुशल नेतृत्व में #पांढुर्णा जिला विकास की नई ऊंचाइयों पर
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना – कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के कुशल मार्गदर्शन और सतत मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप नवगठित पांढुर्णा जिला विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज कर रहा है। शिक्षा, कृषि, जल प्रबंधन और राजस्व जैसे महत्वपूर्ण विभागों में जिले ने प्रभावशाली प्रगति हासिल की है, जो प्रशासन की सक्रिय कार्यशैली को दर्शाती है।
धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जामसांवली स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर परिसर में ₹35 करोड़ की लागत से 26.50 एकड़ में विकसित की जा रही हनुमान लोक परियोजना का 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। यह परियोजना शीघ्र ही श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगी और जिले की पहचान को नई ऊंचाई देगी।
राजस्व महाअभियान 1.0 और 2.0 के अंतर्गत पांढुर्णा जिला विगत दो वर्षों में संपूर्ण प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। स्वामित्व योजना के तहत 203 ग्रामों में ड्रोन सर्वे का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण किया गया है। वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से ₹61.49 करोड़ तथा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत ₹53.25 करोड़ की राशि सीधे किसानों के खातों में अंतरित की गई है।
कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देते हुए HDPS पद्धति से कपास उत्पादन में 20 से 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। जिले में 2 मृदा परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग (NMNF) के तहत 750 किसानों का पंजीकरण किया गया है तथा जैविक उत्पादों की बिक्री के लिए ‘जैविक हाट बाजार’ प्रारंभ करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी जिले ने उल्लेखनीय प्रगति की है। बोर्ड परीक्षाओं में कक्षा 10वीं के परिणामों में 18 प्रतिशत और 12वीं में 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। साथ ही पांढुर्णा एवं सौंसर में लगभग ₹70 करोड़ की लागत से सांदीपनी विद्यालयों का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत 125 ग्रामों में एकल नलजल योजनाएं पूर्ण की गई हैं, जिससे विगत दो वर्षों में 17,280 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। जल संसाधन विभाग के अंतर्गत अमृत 2.0 योजना के तहत पांढुर्णा, सौंसर सहित विभिन्न नगर निकायों में ₹3305.61 लाख के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
पशुपालन क्षेत्र में ‘1962 चलित पशु चिकित्सा इकाई’ के माध्यम से 2359 पशुओं का उपचार किया गया तथा आचार्य विद्यासागर योजना के अंतर्गत 15 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने इन उपलब्धियों का श्रेय विभागीय समन्वय और जनता के सहयोग को देते हुए कहा है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।