A2Z सभी खबर सभी जिले की

जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक कलेक्टर की अध्यक्षता में संपन्न ,

समनापुर विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता को कारण बताओ नोटिस

डिण्डौरी दिनांक 10 अप्रैल 2026 को जल जीवन मिशन के प्रगतिरत कार्यों एवं ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था की समीक्षा बैठक का आयोजन कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में की गई बैठक में विकासखंड समनापुर के अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में विद्युत एस्टीमेट प्राप्त न होने के कारण जल जीवन मिशन का कार्य प्रभावित होने के कारण विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए । कलेक्टर महोदया द्वारा जल जीवन मिशन योजना हस्तांतरण के पूर्व ट्रायल रन अवधि तक संविदाकार द्वारा अस्थाई विद्युत कनेक्शन प्राप्त करने के निर्देश दिए गए जिसका भुगतान संबंधित संविदाकार द्वारा किया जाएगा ।तत्पश्चात संबंधित ग्राम पंचायत के नाम से विद्युत कनेक्शन का मीटर  स्थापित करने के  उपरांत ही संबंधित ग्राम पंचायत द्वारा प्राप्त मीटर रीडिंग के आधार पर विद्युत बिल का भुगतान किया जावेगा।बैठक में विकासखंड डिंडोरी के ग्राम घुसिया मॉल में नल जल योजना का कार्य शीघ्र पूर्ण करने एवं निरीक्षण हेतु स्थल भ्रमण कराने के निर्देश दिए गए । विकासखंड समनापुर के ग्राम कुकर्रामठ आदि ग्राम में जल जीवन मिशन अंतर्गत कार्यरत संविदाकार  जीशान अंसारी द्वारा बिछाए गए पाइपलाइन एवं अन्य अवयवों के  बार-बार क्षतिग्रस्त होने ,लीकेज आदि की समस्या के कारण पेयजल प्रदाय बाधित होने पर ग्राम वासियों द्वारा सीएम हेल्पलाइन आदि के माध्यम से शिकायत दर्ज की जा रही है जिससे विभाग की छवि खराब हो रही है अतः संविदाकार जीशान अंसारी को कलेक्टर महोदय के समक्ष प्रस्तुत होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करना होगा। विकासखंड बजाग के ग्राम सिंहपुर में कलेक्टर महोदया के द्वारा स्थल भ्रमण  के दौरान पाइपलाइन लीकेज एवं अन्य क्षतिग्रस्त कार्यों का  मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कर योजना ग्राम पंचायत को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए। सहायक यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा  विकासखंड करंजिया के विभिन्न ग्रामों में नल जल योजनाओं  हेतु कंबिनेशन नलकूप खनन मशीन की मांग की गई जिसके लिए कलेक्टर महोदय के द्वारा प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पत्र प्रेषित कराने के निर्देश दिए गएl  योजना पूर्ण उपरांत नल जल योजनाओं को ग्राम पंचायत को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए ।जिन ग्राम पंचायत के सरपंच सचिव के द्वारा नल जल योजना पूर्ण उपरांत हस्तांतरण में रुचि नहीं ली जा रही है ऐसे सरपंच सचिवों को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के समक्ष अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करना होगा । बैठक में ग्रीष्मकालीन पेयजल समस्या निराकरण की समीक्षा की गई जिसके तहत जिले के अंतर्गत  विभिन्न बसाहटों में नवीन नलकूप खनन हेतु जन सुनवाई आदि माध्यम से आवेदन प्रस्तुत किए जा रहे हैं  जहां निरीक्षण उपरांत नवीन नलकूप खनन की आवश्यकता को देखते हुए शासन के निर्देशानुसार गठित नलकूप खनन समिति के द्वारा नवीन नलकूप खनन का  अनुमोदन किया गया ताकि उक्त बसाहटों  में पेयजल समस्या से ग्रामवासियों को निजात मिल सके। बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान एवं गतिशक्ति पोर्टल के प्रगति की समीक्षा की गई तथा प्रगति बढ़ाने के आवश्यक निर्देश दिए गए । जल गंगा संवर्धन हेतु आदर्श ग्राम चयन कर सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए जहां जल संचय का कार्य किया जा सके । बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री  अफजल अमानुल्लाह  ,समस्त सहायक यंत्री,उपयंत्री सिविल एवं मैकेनिकल संकाय  , उपप्रबंधक जल निगम उपस्थित हुए।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!