

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के छिरका गांव में मंगलवार देर रात करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, छिरका गांव निवासी 32 वर्षीय वीरेंद्र उर्फ बीरू, जो पेशे से हेयर कटिंग का काम करता था, मंगलवार रात करीब 12 बजे बिजली के करंट की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि जब ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी तो वह बिजली के तार से चिपका हुआ था। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।