
राज फाउंडेशन ट्रस्ट बानसूर एवं सहयोगी संस्था आरसीआई एजु हब बानसूर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित खेलों के महाकुंभ का शुभारंभ 20 मार्च को किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों के रूप में सुरेंद्र मलिक एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स प्रभारी जिला कोटपूतली बहरोड़, तहसीलदार गजेंद्र सिंह शेखावत,ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश यादव, प्रधान सुमन यादव, निजी शिक्षण संघ संस्थान के अध्यक्ष अजय यादव, यादव समाज अध्यक्ष लीलाराम यादव सहित अनेक गणमान्य अतिथि शामिल हुए।

ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ विजय कुमार यादब द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत माला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। राज फाऊंडेशन ट्रस्ट व आर सी आई स्कूल की समस्त मैनेजमेंट टीम सहित स्टाफ साथी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में तहसीलदार गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन पहले ही शुरू हो जाने चाहिए थे, वहीं सुरेन्द्र मलिक ने खेलों को शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए विद्यार्थियों को इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता का पहला दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह खेल महोत्सव 21 एवं 22 मार्च को भी जारी रहेगा। जो विद्यार्थी पहले दिन भाग नहीं ले सके हैं, वे खेल स्थल पर पहुंचकर अपनी टीम के साथ पंजीकरण करवा सकते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति रही और उत्साहपूर्ण वातावरण में खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत की गई।
महोत्सव के दौरान कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, ऊंची कूद, लंबी कूद, रस्साकशी, 100 मीटर और 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।