

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। ईद-उल-फितर के मद्देनजर जनपद हमीरपुर का प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। जिलाधिकारी हमीरपुर एवं पुलिस अधीक्षक हमीरपुर ने मौदहा क्षेत्र में स्थित प्रमुख मस्जिदों, मीरा तालाब और अलाई मैदान समेत संवेदनशील स्थानों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए मौके पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही संबंधित थाना प्रभारी से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का भी अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने कस्बे में बंदरों की समस्या को देखते हुए ट्रांसफार्मरों पर बैरीकेटिंग/बेरि कटिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मौदहा, क्षेत्राधिकारी मौदहा, प्रभारी निरीक्षक मौदहा सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।