

रिपोर्टर राजकुमार हमीरपुर अखंड भारत
सुमेरपुर हमीरपुर। नगर पंचायत सुमेरपुर में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का गंभीर मामला सामने आया है। क्षेत्र के वार्ड नंबर 18 नई बस्ती झंडा मैदान निवासी प्रत्यूश उर्फ प्रवीण कुमार ने जिलाधिकारी हमीरपुर को प्रार्थना-पत्र देकर आरोप लगाया है कि नगर पंचायत द्वारा पहले से पूर्ण कराए जा चुके सात कार्यों की अल्पकालीन निविदा दोबारा प्रकाशित की गई है, जबकि इन कार्यों का भुगतान कराने की मंशा पहले ही जाहिर हो चुकी है।
शिकायत कर्ता ने बताया कि नगर पंचायत सुमेरपुर ने पत्रांक 212/न.पं. सुमे.-निविदा (2025-26) दिनांक 11 अक्टूबर 2025 के आधार पर 7 कार्यों की अल्पकालीन निविदा कानपुर संस्करण के एक बडे अखबार में 12 नवम्बर 2025 को प्रकाशित कराई है। जबकि उक्त सभी कार्य पहले ही नगर पंचायत द्वारा पूरे कराए जा चुके हैं, जिनके जीओ टैग फोटो भी उपलब्ध हैं। ऐसे में पहले से पूर्ण कार्यों की दोबारा निविदा प्रकाशित करना संदेह पैदा करता है।
शिकायत कर्ता ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष नगर पंचायत सुमेरपुर और अधिशासी अधिकारी की मिलीभगत से यह निविदा केवल चहेते ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने और फर्जी भुगतान निकालने के उद्देश्य से प्रकाशित की गई है। उन्होंने बताया कि इससे पहले 10 लाख रुपये से नीचे के लगभग सभी कार्य ई-निविदा से कराए गए थे, लेकिन केवल इन कार्यों को अल्पकालीन निविदा के माध्यम से जारी किया गया है, जो भ्रष्टाचार का स्पष्ट संकेत है।
शिकायत कर्ता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि 11 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित इस अल्पकालीन निविदा में शामिल कार्यों की स्थलीय जांच कराई जाए तथा अनियमितताओं की पुष्टि होने पर निविदा को निरस्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा जांच की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय लोगों में भी इस प्रकरण को लेकर रोष व्याप्त है।