

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। आगामी हमीरपुर महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी घनश्याम मीना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा ने जिम्मेदार अधिकारियों की टीम के साथ चौरा देवी मंदिर प्रांगण का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने टेंटेज, मंच, साज-सज्जा, साउंड व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, प्रवेश-निकास द्वार, ओडीओपी स्टॉल, सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, सीसीटीवी, पब्लिक टॉयलेट और प्लेनेटोरियम समेत सभी तैयारियों की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने नामित नोडल और सह नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करें, ताकि महोत्सव को भव्य और यादगार बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने कार्यों की स्वयं निगरानी सुनिश्चित करें।
डीएम ने नगर पालिका हमीरपुर को साफ-सफाई, टॉयलेट, पेयजल और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग को मंच व्यवस्था, विद्युत विभाग को बिजली, जनरेटर और साउंड सिस्टम की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अलावा स्टॉल एवं झूला आवंटन की जिम्मेदारी डिप्टी कलेक्टर हमीरपुर और उपायुक्त उद्योग को, पार्किंग व आवागमन की जिम्मेदारी नगर पालिका एवं यातायात निरीक्षक को, प्लेनेटोरियम की व्यवस्था डीआईओएस और बीएसए को तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों व मीडिया कवरेज की जिम्मेदारी जिला सूचना अधिकारी एवं पर्यटन सूचना अधिकारी को दी गई।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ अरुण कुमार सिंह, डीएफओ अनिल श्रीवास्तव, एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, एडीएम न्यायिक रिजवाना शाहिद, एएसपी एम.के. गुप्ता, सूचना अधिकारी सतीश कुमार और पर्यटन सूचना अधिकारी चित्रगुप्त सिंह सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।