

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जिलाधिकारी श्री घनश्याम मीना ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कुल 89 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का जिलाधिकारी ने मौके पर ही त्वरित निस्तारण कर दिया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों (एसडीएम), खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ वर्चुअल/जूम एप के माध्यम से बैठक कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी एसडीएम, बीडीओ व अन्य संबंधित अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में नियमित रूप से जनसुनवाई करें और जन समस्याओं का तेजी से समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जनसुनवाई, आईजीआरएस और अन्य माध्यमों से प्राप्त प्रकरणों का संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करें तथा निर्धारित समय के भीतर उसकी आख्या उपलब्ध कराएं।
डीएम ने अधिकारियों को जन समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।