

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जिले की गौशालाओं में गोवंश की लगातार हो रही मौतों और अव्यवस्थाओं को लेकर मामला तूल पकड़ने लगा है। भारतीय श्री राधाकृष्ण गौरक्षा संघ के जिलाध्यक्ष राजा साहू ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जनपद की कुछ गौशालाओं में ग्राम प्रधान व संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से गोवंश की उपेक्षा की जा रही है। पर्याप्त चारा-पानी न मिलने के कारण गोवंश की हालत खराब हो रही है और कई स्थानों पर उनकी मौतें हो रही हैं।
गौरक्षा संघ का आरोप है कि मृत गोवंश के शवों को खुले में फेंक दिया जाता है, जिससे गंभीर लापरवाही उजागर हो रही है। कई बार संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद मौके पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती।
संगठन ने जिलाधिकारी से मांग की है कि गौशालाओं का तत्काल निरीक्षण कराया जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो तथा गोवंश के लिए भोजन, चारा और पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।