

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर: जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की वसूली प्रगति और लंबित राजस्व मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।

डीएम ने आबकारी, विद्युत, स्टाम्प व निबंधन, वाणिज्यकर, परिवहन, खनन एवं नगर निकायों से संबंधित अधिकारियों को दिए गए लक्ष्य के सापेक्ष वसूली की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें, ताकि सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग प्रभावित न हो। कर वसूली में किसी भी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
राजस्व विभाग के लंबित वादों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं आईजीआरएस पोर्टल से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने को कहा गया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जनपद की रैंकिंग प्रदेश के टॉप-5 में बनाए रखने के लिए विभागीय पेंडेंसी शून्य होनी चाहिए।
किसान दुर्घटना बीमा योजना के मामलों को भी समय से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में सरकारी भूमि चिन्हित कर उसे सुरक्षित कराने के निर्देश दिए, ताकि अवैध कब्जों को रोका जा सके।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, एडीएम न्यायिक रिजवाना शाहिद, एडीएम नमामि गंगे, एसडीएम सदर डी. शर्मा, एसडीएम राठ अभिमन्यु कुमार सहित कर-करेत्तर व राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।