
डिंडोरी 21 फरवरी 2026
डिंडोरी। संदीपनि विद्यालय नरिया में प्रार्थना सभा के दौरान एक सराहनीय और नवाचारी पहल देखने को मिली। विद्यालय की दैनिक प्रार्थना सभा को और अधिक सार्थक एवं सहभागी बनाने के उद्देश्य से छात्रों द्वारा पिछले दिन की समस्त गतिविधियों ( विद्यालय लगने से अवकाश तक )का प्रतिवेदन (रिपोर्ट प्रस्तुति) स्वयं मंच से प्रस्तुत किया गया।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा आरंभ की गई इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास तथा उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। प्रतिदिन हाउसवार चयनित छात्र मंच पर आकर शैक्षणिक गतिविधियों, सह-पाठ्यक्रम कार्यक्रमों, खेलकूद, विशेष आयोजनों एवं महत्वपूर्ण घोषणाओं का क्रमबद्ध विवरण प्रस्तुत करते हैं।
इस नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल मंच संचालन का अनुभव प्राप्त हो रहा है, बल्कि वे विद्यालय की गतिविधियों से भी अधिक जागरूक हो रहे हैं। शिक्षकों ने बताया कि इस पहल से बच्चों में संवाद कौशल में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है तथा वे विद्यालयीन अनुशासन एवं गतिविधियों के प्रति अधिक सजग बने हैं।
विद्यालय का यह प्रयास विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को इस प्रकार के रचनात्मक प्रयासों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी विद्यालय की इस अभिनव पहल की प्रशंसा करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
इस प्रकार, संदीपनि विद्यालय नरिया की प्रार्थना सभा अब केवल प्रार्थना तक सीमित न रहकर, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी मंच बन गई है।