
शासकीय विज्ञान महाविद्यालय में ‘नाद ब्रह्म’ अवधारणा पर समूह चर्चा आयोजित
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा में डिस्कशन फोरम, भौतिक शास्त्र विभाग द्वारा आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के तत्वाधान में “वास्तविकता की तरंग प्रकृति को समझने में भारतीय दर्शन की ‘नाद ब्रह्म’ अवधारणा किस प्रकार सहायक है” विषय पर समूह चर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. एस. खान के संरक्षण, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. ललिता धुर्वे एवं भौतिक शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. डी. एस. बिसेन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

इस समूह चर्चा ने विद्यार्थियों को विषय पर गहराई से अपने विचार व्यक्त करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विभिन्न समूहों में विभाजित कर सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई, जहाँ उन्होंने भारतीय दर्शन की ‘नाद ब्रह्म’ अवधारणा के विविध पहलुओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
चर्चा के दौरान विद्यार्थियों ने ध्वनि के माध्यम से ब्रह्मांड की रचना, ऊर्जा की व्यापकता, समस्त सृष्टि के स्रोत तथा क्वांटम परिप्रेक्ष्य में इसकी व्याख्या जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही भारतीय संगीत, योग और ध्यान में ‘नाद ब्रह्म’ के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. विवेक कुमार सोनवाने ने बताया कि इस गतिविधि ने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान का विस्तार करने और विभिन्न दृष्टिकोणों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। उन्होंने चर्चा में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और उनके गहन विश्लेषण की सराहना की।