
जमशेदपुर | 11 फरवरी 2026
मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर (MIDH) योजना के अंतर्गत पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित 40 प्रगतिशील किसानों को उन्नत उद्यानिकी तकनीकों के पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण हेतु भारतीय बागवानी तकनीकी संस्थान, नोएडा भेजा गया।
इस प्रशिक्षण दल को उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी एवं उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान द्वारा समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला उद्यान पदाधिकारी सुश्री अनिमा लकड़ा एवं तकनीकी विशेषज्ञ श्री अनिल चौरसिया भी उपस्थित रहे।
पांच दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक उद्यानिकी पद्धतियों, उन्नत उत्पादन तकनीकों, गुणवत्तायुक्त पौध प्रबंधन, संरक्षित खेती, पोस्ट-हार्वेस्ट प्रबंधन तथा मूल्य संवर्धन से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है, जिससे किसान अपने खेतों में वैज्ञानिक तरीकों को अपनाकर उत्पादन और आय में वृद्धि कर सकें।
जिला उद्यान पदाधिकारी ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों को नवीनतम तकनीकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे न केवल फसलों की गुणवत्ता में सुधार होता है, बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति भी सशक्त होती है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह के और प्रशिक्षण एवं एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रिपोर्ट:
Journalist – Anand Kishor
Bureau Chief – Akhand Bharat News
Member – All India Media Association (AIMA)



