
जमशेदपुर से आनंद किशोर की रिपोर्ट | अखंड भारत न्यूज़
पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में राजस्व संग्रहण, भू-अर्जन, नीलाम पत्र, टाटा लीज भूमि अतिक्रमण एवं जन शिकायतों से संबंधित लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों को वर्तमान वित्तीय वर्ष में निर्धारित राजस्व लक्ष्य का शत-प्रतिशत संग्रहण सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि जो विभाग राजस्व संग्रहण में पीछे हैं, वे ठोस कार्ययोजना बनाकर लक्ष्य पूर्ति के लिए प्रभावी प्रयास करें। साथ ही अतिक्रमित सड़कों, चौक-चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में राज्य कर विभाग को रेस्टोरेंट-बार के लाइसेंस निबंधन के माध्यम से राजस्व बढ़ाने, खनन विभाग को जब्त खनिजों की शीघ्र नीलामी कर राजस्व जमा कराने, उत्पाद विभाग को लाइसेंसी दुकानों से लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रह एवं नकली शराब कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं विद्युत विभाग को प्रत्येक माह मीटर रीडिंग, सटीक बिलिंग एवं बिलिंग त्रुटियों के निराकरण, परिवहन विभाग को ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई कर जुर्माना वसूलने तथा मत्स्य विभाग को तालाबों की बंदोबस्ती कर राजस्व बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने नीलाम पत्र से जुड़े लंबित मामलों में नोटिस, कुर्की, वारंट एवं नीलामी जैसी कड़ी कार्रवाई अपनाने पर जोर दिया। साथ ही बैंकों से समन्वय कर सेटलमेंट रिपोर्ट प्राप्त कर अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया गया।
भूमि से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान म्यूटेशन, परमिशन, सीमांकन एवं भूमि अभिलेख सुधार से संबंधित आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। भू-अर्जन की समीक्षा में राष्ट्रीय एवं राजकीय राजमार्ग परियोजनाओं में मुआवजा भुगतान, ड्रेनेज व यूटिलिटी शिफ्टिंग तथा वनभूमि एनओसी से जुड़े विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
टाटा लीज भूमि अतिक्रमण की समीक्षा के दौरान सड़क एवं हाट-बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा माननीय झारखंड उच्च न्यायालय के आदेशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में अपर उपायुक्त श्री संतोष गर्ग, एसडीओ धालभूम श्री अनर्व मिश्रा, एसडीओ घाटशिला श्री सुनील चंद्र, जिला परिवहन पदाधिकारी, उप नगर आयुक्त जेएनएसी सहित एनएचएआई, टाटा स्टील, रेलवे एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आनंद किशोर
ब्यूरो चीफ – अखंड भारत न्यूज़
ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन (AIMA)


