

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर।आगामी पर्व शिवरात्रि, रमजान एवं हाईस्कूल–इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनज़र जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिला पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा उपस्थित रहीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिवरात्रि व रमजान से जुड़े सभी जुलूस, शोभायात्राएं एवं धार्मिक कार्यक्रम परंपरागत व शांतिपूर्ण ढंग से प्रेम और भाईचारे के साथ आयोजित किए जाएं। शिवालयों, शोभायात्रा मार्गों एवं अन्य स्थलों पर जर्जर विद्युत तारों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए ताकि शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से बचा जा सके।
उन्होंने बताया कि शिवरात्रि के अवसर पर शिवालयों में जलाभिषेक, कांवड़ यात्रा सहित अन्य कार्यक्रमों में भारी भीड़ रहेगी, इसलिए क्राउड मैनेजमेंट के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। सभी उपजिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी कार्यक्रम स्थलों का पूर्व निरीक्षण करें। शोभायात्राओं के दौरान डीजे पर आपत्तिजनक व धार्मिक उन्माद फैलाने वाले गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पर्वों के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो, यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं आयोजित होंगी। इसके लिए जनपद में 43 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन हेतु पुलिस बल की तैनाती, परीक्षा केंद्रों के आसपास पीआरबी 112 का रूट निर्धारण तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर प्रतिबंध रहेगा। सेक्टर व स्ट्रैटजिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। सभी धार्मिक जुलूसों एवं आयोजनों के लिए संबंधित थाना व एसडीएम से पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी। शिवालयों व मंदिर परिसरों में महिला सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
बैठक में सीडीओ अरुण कुमार सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, एडीएम नमामि गंगे सुरेश कुमार, सहित सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।