

*डीआईजी जबलपुर रेंज ने ली कटनी जिले की अपराध समीक्षा बैठक*
*सीसीटीवी व साइबर सेल का निरीक्षण कर कटनी पुलिस के नवाचारों की सराहना*
कटनी/पुलिस कंट्रोल रूम कटनी में पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर रेंज श्री अतुल सिंह (भा.पु.से.) द्वारा जिले की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान लंबित अपराधों, लंबित शिकायतों, मर्ग प्रकरणों, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, जमानत निरस्तीकरण तथा लघु अधिनियमों के प्रकरणों—जिनमें अवैध गौवंश परिवहन, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा एवं शराब तस्करी प्रमुख रहे—पर विस्तृत समीक्षा की गई।
डीआईजी श्री अतुल सिंह ने प्रत्येक लंबित एवं गंभीर अपराध, जिनमें आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है, उनके संबंध में संबंधित एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों से क्रमवार चर्चा कर शीघ्र निराकरण एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आगामी कानून-व्यवस्था की चुनौतियों को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
*बैठक के प्रमुख बिंदु*
▫️ लंबित संपत्ति संबंधी अपराधों में पतारसी व बरामदगी सुनिश्चित करने तथा महिला एवं शरीर संबंधी अपराधों का शीघ्र निराकरण।
▫️ फरार एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी।
▫️ जिले में नाबालिग बालिकाओं से संबंधित अपराधों की समीक्षा।
▫️ सीएम हेल्पलाइन, आयोग, पीएचक्यू एवं आईजी कार्यालय से प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण।
▫️ जुआ-सट्टा, अवैध गौवंश परिवहन, अवैध हथियार एवं शराब तस्करी पर कड़ी एवं त्वरित कार्रवाई।
▫️ आदतन अपराधियों के विरुद्ध जमानत निरस्तीकरण की कार्यवाही।
▫️ मर्ग, गुम इंसान एवं शिकायत प्रकरणों का त्वरित निराकरण।
▫️ प्रभावी कांबिंग गश्त संचालित करने के निर्देश।
▫️ स्थायी एवं फरारी वारंटों की तामीली में तेजी।
▫️ प्रत्येक लंबित अपराध की नियमित मॉनिटरिंग।
▫️ न्यायालयीन कार्यवाही, सम्मन-वारंट तामीली, ऑनलाइन एमएलसी व पीएम रिपोर्ट, CCTNS रैंकिंग सुधार तथा IRAD पोर्टल में डाटा फीडिंग पर विशेष जोर।
अपराध समीक्षा बैठक के उपरांत डीआईजी श्री अतुल सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम एवं साइबर सेल कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने लाइव मॉनिटरिंग, तकनीकी संसाधनों एवं साइबर अपराधों के निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए तथा कटनी पुलिस द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना की।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, जिले के समस्त एसडीओपी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।