A2Z सभी खबर सभी जिले की

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर संवाद कार्यक्रम बालिकाओं व महिलाओं के सशक्तिकरण से ही समाज होगा सशक्त : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी

जमशेदपुर | 24 जनवरी 2026

राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम द्वारा समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में एक विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने समाज के कमजोर वर्ग की बालिकाओं से सीधा संवाद कर उनके सपनों, चुनौतियों और समस्याओं को गंभीरता से सुना।

संवाद के दौरान बालिकाओं ने अपनी दैनिक दिनचर्या, शिक्षा से जुड़ी कठिनाइयों, बस्ती की मूलभूत समस्याओं, सामाजिक कुरीतियों, सुरक्षा, स्वास्थ्य, नशा-पान जैसी बुराइयों तथा भविष्य की आकांक्षाओं को खुलकर प्रशासन के समक्ष रखा। विशेष रूप से शिक्षा के दौरान सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आवश्यक प्रमाण पत्रों के निर्माण में हो रही परेशानियों, लाइब्रेरी व करियर मार्गदर्शन की आवश्यकता, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, महिला एवं बालिका सुरक्षा तथा स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर चर्चा हुई।

उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण से ही समाज मजबूत बनता है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, रोजगार एवं कौशल विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। बालिकाओं को पढ़ाई पर पूरा ध्यान देने, मेहनत करने, तकनीक से जुड़ने और अपने कौशल को निरंतर निखारने का संदेश दिया।

Related Articles

उन्होंने आश्वस्त किया कि आधार कार्ड व जन्म प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु माह के अंत तक नगरीय क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। बस्तियों में साफ-सफाई, कचरा उठाव, स्ट्रीट लाइट व अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर शहरी निकायों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर उपायुक्त ने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, नशा के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा सामाजिक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जुगसलाई नगर परिषद की हेल्पलाइन 7970625111, जमशेदपुर नगर निगम की हेल्पलाइन 0657-2912514 एवं मानगो नगर निगम की हेल्पलाइन 9942997831 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर बालिका एवं महिला सशक्तिकरण का संकल्प लिया गया तथा बालिकाओं को उपहार स्वरूप स्कूल बैग व स्टेशनरी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में उपायुक्त के साथ उप-विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, समाज कल्याण पदाधिकारी, डीसीएलआर, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आनंद किशोर

ब्यूरो चीफ

अखंड भारत न्यूज़

ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन (AIMA)

Show More

ANAND KISHOR JAMSHEDPUR JHARKHAND

सेवा परमो धर्म:
Back to top button
error: Content is protected !!