A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेशहमीरपुर

हमीरपुर अलर्ट: 23 जनवरी को शाम 6 बजे गूंजेगा सायरन, होगा ‘ब्लैक आउट’ – घबराएं नहीं, यह है मॉक ड्रिल

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ़ राजकुमार की रिपोर्ट

हमीरपुर। आगामी 23 जनवरी, 2026 को उ०प्र० दिवस एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा शहर में एक व्यापक ‘ब्लैक आउट मॉक ड्रिल’ का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा एवं अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) श्री विजय शंकर तिवारी ने बताया कि 23 जनवरी को सायं 06:00 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम, हमीरपुर में हवाई हमले से बचाव और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए यह पूर्वाभ्यास किया जाएगा । उन्होंने स्पष्ट किया कि शहरवासी सायरन की आवाज या अचानक होने वाले अंधेरे से घबराएं नहीं, यह केवल सुरक्षा व्यवस्था को जांचने की एक प्रक्रिया है।

मॉक ड्रिल का प्रदर्शन सायं 05 बजे से शुरू हो जायेगा और ठीक शाम 6 बजे हवाई हमले की चेतावनी के रूप में 2 मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया जाएगा । सायरन बजते ही ड्रिल क्षेत्र में ‘ब्लैक आउट’ (विद्युत कटौती) किया जाएगा, ताकि हवाई हमले के दौरान रोशनी से होने वाले खतरे को कम करने का अभ्यास किया जा सके। खतरा टलने का संकेत देने के लिए अंत में 2 मिनट तक एक ही आवाज में ‘ऑल क्लियर’ सायरन बजाया जाएगा। इस दौरान पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस के वाहन सायरन बजाते हुए मॉक ड्रिल स्थल (स्पोर्ट्स स्टेडियम) की ओर हरकत में रहेंगे।

Related Articles

इस अभ्यास के दौरान नागरिक सुरक्षा (Civil Defence), पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य और नगर पालिका विभाग संयुक्त रूप से राहत और बचाव कार्यों का सजीव प्रदर्शन करेंगे। इसमें आग बुझाने, क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुँचाने जैसी गतिविधियों का मंचन किया जाएगा। नगर पालिका द्वारा रैन बसेरा को अस्थायी आश्रय स्थल के रूप में तैयार किया जाएगा, जहाँ प्रभावित लोगों को ठहराने की व्यवस्था होगी ।

प्रशासन ने आम जनमानस से अपील की है कि वे इस दौरान पूर्ण सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें । सायरन या पुलिस की गाड़ियां देखकर पैनिक न फैलाएं। यह ड्रिल केवल इसलिए आयोजित की जा रही है ताकि भविष्य में किसी भी वास्तविक आपात स्थिति से निपटने के लिए हमारा तंत्र और नागरिक पूरी तरह तैयार रहें।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!