अवैध रूप से बनाए गए 11 मकानों पर सख्त कार्रवाई
दोबारा उसी जमीन पर अवैध कब्जा कर मकानों का निर्माण 
संवाददाता। रणजीत कुमार। जहानाबाद। शहर के ऊंटा–मखदुमपुर मौजा में सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की। पटना उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में सदर अंचल की अंचलाधिकारी (सीओ) स्नेहा सत्यम के नेतृत्व में गैरमजरूआ आम भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए 11 मकानों को तोड़ दिया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मजदूरों की टीम ने यह कार्रवाई की। बताया गया कि उक्त मकान सरकारी जमीन पर अवैध ढंग से बनाए गए थे, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। मामले को लेकर एक व्यक्ति ने पटना हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। सुनवाई के बाद न्यायालय ने अतिक्रमण हटाने का स्पष्ट आदेश दिया था। पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
अंचलाधिकारी स्नेहा सत्यम ने बताया कि यह मामला काफी पुराना है। पूर्व में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन इसके बावजूद दोबारा उसी जमीन पर अवैध कब्जा कर मकानों का निर्माण कर लिया गया।

