
सिरोंज। नगर पालिका परिषद सिरोंज की साधारण/असाधारण सम्मेलन नगर पालिका कार्यालय भवन में नपाध्यक्ष मनमोहन साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक में नगर सहित वार्ड क्रमांक 01 से 21 तक के विकास से जुड़े कुल 65 प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।सम्मेलन में नगर स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने, ट्रैफिक लाइट लगाने, भारी वाहनों के प्रवेश की समय-सारणी तय करने, ट्रांसपोर्ट नगर, हेलीपैड, नवीन खेल मैदान, नमो उद्यान पार्क, गीता भवन परियोजना, नवीन नगरपालिका भवन, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, पार्कों के सौंदर्यकरण, अमृत 2.0 एवं कायाकल्प योजना अंतर्गत कार्यों को मंजूरी दी गई।
बैठक में वार्ड वार विकास कार्यों पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। वार्ड क्रमांक 02 में नवीन सब्जी मंडी परिसर में टीनशेड दुकानों के निर्माण, वार्ड क्रमांक 03 में रैदास पथ स्थित जर्जर कम्युनिटी हॉल को तोड़कर नवीन दो मंजिला कम्युनिटी हॉल निर्माण, वार्ड क्रमांक 04 में कब्रिस्तान में लाइट लगाने तथा सीसी रोड व नाली निर्माण, वार्ड क्रमांक 05 में थाने के सामने स्थित कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल के प्लास्टर कार्य को स्वीकृति दी गई।इसी तरह वार्ड क्रमांक 07 में विभिन्न स्थानों पर सीसी रोड एवं नाली निर्माण, वार्ड क्रमांक 09 में सीसी रोड व नाली निर्माण तथा पहुंच मार्ग विकास, वार्ड क्रमांक 10 में कुरवाई रोड स्थित स्व. पं. चंद्रमोहन शर्मा सभागार की मरम्मत, निर्माण एवं उसके बाहर दुकानों के निर्माण, वार्ड क्रमांक 13 में सीसी रोड, नाली एवं नवीन नाला निर्माण के कई प्रस्ताव पारित किए गए।
वार्ड क्रमांक 16 में आरोन रोड से जुड़े क्षेत्रों में सीसी रोड एवं आरसीसी नाला निर्माण, वार्ड क्रमांक 17 में ईदगाह क्षेत्र में सीढ़ी से डामर रोड तक सीसी रोड निर्माण एवं समतलीकरण, वार्ड क्रमांक 18 में नदी व होली चौक क्षेत्र में रोड ऊंचा कर सीसी रोड एवं नाली निर्माण के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।इसके अलावा वार्ड क्रमांक 19 में शासकीय विद्यालय परिसर में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापना, वार्ड क्रमांक 21 में वाहन पार्किंग शेड, पार्क की बाउंड्रीवाल निर्माण, पुल निर्माण एवं पहुंच मार्ग विकास से जुड़े प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।बैठक में नगर के विभिन्न मार्गों के नामकरण, महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना, स्कूलों के खेल महोत्सव, पशु मेला आयोजन तथा आगामी पांच वर्षों के लिए वार्डवार विकास कार्ययोजना एवं विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने का निर्णय भी लिया गया।
नगरपालिका प्रशासन ने बताया कि सभी पारित प्रस्तावों के अनुरूप शीघ्र ही आवश्यक प्रशासनिक एवं निविदा प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी, जिससे नगर एवं सभी वार्डों में विकास कार्यों को गति मिल सके।