
कृषि निर्यात पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन
किसानों एवं हितधारकों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, जैविक प्रमाणीकरण तथा बाजारोन्मुख कृषि अपनाने हेतु प्रेरित
संवाददाता। रणजीत कुमार। जहानाबाद। कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) द्वारा बिहार सरकार के कृषि विभाग के सहयोग से एटीएमए कॉन्फ्रेंस हॉल, कृषि भवन, जहानाबाद में कृषि निर्यात विषय पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी श्रीमती शम्भावना द्वारा जिले की कृषि संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए जहानाबाद में उपलब्ध प्रमुख कृषि उत्पादों, उनके उत्पादन की स्थिति तथा राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री देवानंद त्रिपाठी, सहायक प्रबंधक, एपीडा क्षेत्रीय कार्यालय पटना ने बिहार राज्य में एपीडा की विभिन्न पहलों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कृषि उत्पादों के निर्यात हेतु पंजीकरण प्रक्रिया, गुणवत्ता युक्त उत्पादन, पैकेजिंग एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उत्पादन की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने बिहटा पैकहाउस एवं इर्रेडिएशन सेंटर को एपीडा से शीघ्र मिलने वाली स्वीकृति के संबंध में जानकारी साझा की, जिससे राज्य से फल, सब्जी एवं प्रसंस्कृत कृषि उत्पादों के अंतरराष्ट्रीय निर्यात के नए अवसर सृजित होंगे।
कार्यक्रम में विपणन विभाग एवं एटीएमए परियोजना निदेशक द्वारा भी किसानों एवं हितधारकों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, जैविक प्रमाणीकरण तथा बाजारोन्मुख कृषि अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
इस कार्यक्रम में किसानों, एफपीओ, कृषि उद्यमियों एवं विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया तथा कृषि निर्यात की संभावनाओं को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।