A2Z सभी खबर सभी जिले की

प्रभु श्रीराम एवं हनुमान जी की प्रेरणा से राष्ट्रधर्म का उदघोष

शीतकालीन शौर्य प्रशिक्षण वर्ग में महामंडलेश्वर नरसिंहदास जी महाराज का ओजस्वी मार्गदर्शन



रिपोर्टर : दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597

मनावर। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल द्वारा आयोजित शीतकालीन शौर्य प्रशिक्षण वर्ग में महामंडलेश्वर श्री नरसिंहदास जी महाराज ने युवाओं को संबोधित करते हुए श्रीराम जी एवं श्रीहनुमान जी के आदर्शों के माध्यम से राष्ट्रधर्म, सेवा और शौर्य का संदेश दिया। उनका उद्बोधन सनातन संस्कृति, संगठन शक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना से ओतप्रोत रहा। महामंडलेश्वर जी महाराज ने कहा कि श्रीराम मर्यादा, सत्य, त्याग और धर्म के साकार स्वरूप हैं। उन्होंने कहा रामो विग्रहवान् धर्मः साधुः सत्यपराक्रमः अर्थात श्रीराम स्वयं धर्म के जीवंत स्वरूप हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने आचरण, विचार और कर्म में श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करें और राष्ट्र व समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। श्रीहनुमान जी का स्मरण करते हुए महामंडलेश्वर जी महाराज ने कहा कि हनुमान जी सेवा, शौर्य, साहस और संगठन शक्ति के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा नासाध्यं तव दृष्ट्या लोके किंचिदपि विद्यते। अर्थात सेवा और संकल्प से कोई भी कार्य असंभव नहीं होता। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे श्रीहनुमान जी की भांति निःस्वार्थ भाव से समाज और राष्ट्र की सेवा में स्वयं को समर्पित करें।

महामंडलेश्वर जी ने अपने उद्बोधन में स्पष्ट किया कि हिंदुत्व कोई संकीर्ण विचार नहीं, बल्कि जीवन जीने की सनातन पद्धति है, जो व्यक्ति को धर्मनिष्ठ, समाजनिष्ठ और राष्ट्रनिष्ठ बनाती है। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल जैसे संगठन इसी राष्ट्रधर्म की रक्षा और सेवा के लिए कार्य कर रहे हैं तथा युवाओं को संस्कार, अनुशासन और संगठन से जोड़कर समाज निर्माण की दिशा दे रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता के साथ मंच पर आयोजन के विशेष अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अजय पाटीदार, बजरंग दल के प्रांत सह संयोजक यश बच्चानी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रांत संयोजक नितिन पाटीदार विभाग संगठन मंत्री सुरेश गुर्जर, प्रांत सह संयोजक मुकेश पाटीदार, प्रांत बलोपासना प्रमुख कमल सिंह पंवार, प्रांत गौरक्षा प्रमुख भैरूलाल सहित विभाग, जिला एवं प्रखंड स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल राष्ट्रधर्म की रक्षा, हिंदू समाज के संगठन, सांस्कृतिक जागरण, सेवा कार्यों तथा आपदा काल में समाजसेवा के माध्यम से निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संगठन का उद्देश्य श्रीराम के आदर्शों और श्रीहनुमान जी की सेवा भावना को युवा पीढ़ी के जीवन में स्थापित करना है। यह शौर्य प्रशिक्षण वर्ग विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के प्रांत संगठन मंत्री खगेंद्र भार्गव के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। उनके नेतृत्व में यह प्रशिक्षण वर्ग युवाओं के चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास, शारीरिक मानसिक सुदृढ़ता और राष्ट्रभक्ति को मजबूत करने का सशक्त माध्यम बन रहा है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर महामंडलेश्वर श्री नरसिंहदास जी महाराज ने राष्ट्रभाव को रेखांकित करते हुए कहा कि जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी।उन्होंने उपस्थित युवाओं को श्रीराम के आदर्शों पर चलने, श्रीहनुमान जी की भांति निःस्वार्थ सेवा करने तथा हिंदुत्व, राष्ट्र और समाज की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प दिलाया।

Related Articles
Show More
Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!