

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। विकास खण्ड सुमेरपुर के अंतर्गत ग्राम देवगांव में अवैध मौरम खनन और ओवरलोड ट्रकों के आवागमन से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्राम प्रधान जितेन्द्र कुमार गुप्ता ने जिलाधिकारी हमीरपुर को बीते माह,प्रार्थना पत्र देकर इस अवैध गतिविधि पर रोक लगाने की मांग की भी किन्तु पट्टा धारक की हनक के सामने जिला प्रशासन ओवरलोड ट्रक गाँव के अन्दर न जाने की रोक नही लगा पाया। थानेदार ने भी प्रधान को इस मामले से अलग रहने की चेतावनी दी प्रधान ने बताया कि उससे कहा गया है कि नेता गिरी की तो रिपोर्ट लिखकर बन्द कर दिये जाओगो। उन्होंने, यह भी बताया कि पत्यौरा डांडा (बेतवा–यमुना नदी) स्थित खनिज खण्ड संख्या– 31/03 के पट्टाधारक द्वारा एन.जी.टी. के नियमों की खुलेआम धज्जियाँ उड़ाई जा रही हैं। भारी मशीनों से अवैध खनन कर ओवरलोड ट्रक देवगांव की बस्ती से होकर निकाले जा रहे हैं, जिससे सड़कें व नालियाँ टूट रही हैं और कई बार हादसे हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि हाल ही में एक मासूम बालिका काजल पुत्री रामकुमार प्रजापति ट्रक की टक्कर से बाल-बाल बची, वहीं चुनूबाद पुत्र बाबू पाल निवासी बड़ागांव गंभीर रूप से घायल हो चुका है। ओवरलोड ट्रकों से छह विद्युत पोल तक टूट चुके हैं जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है।प्रधान के अनुसार, ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर खदान संचालक व उनके गुर्गे गाली-गलौज कर धमकियाँ देते हैं कि किसी झूठे मुकदमे में फँसाकर जेल भिजवा देंगे।ग्राम प्रधान ने डीएम से अनुरोध किया है कि जनहित में उच्चस्तरीय जांच कर खनन पट्टाधारक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए और ग्राम की बस्ती से होकर मौरम लदे ट्रकों का आवागमन तत्काल रोका जाए।