
जामसांवली में मानसिक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
जागरूकता और उपचार से दूर हो रही सामाजिक भ्रांतियाँ
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा/सौंसर। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सौंसर विकासखंड के जामसांवली में मानसिक स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिकों ने उपस्थित होकर मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।

शिविर में उपस्थित विशेषज्ञ मनोचिकित्सकों एवं स्वास्थ्य टीम द्वारा मानसिक रोगों से संबंधित विभिन्न समस्याओं की जांच की गई। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। चिकित्सकों द्वारा मरीजों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी देते हुए उचित उपचार, नियमित दवा सेवन एवं जीवनशैली सुधार के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

चिकित्सकों ने शिविर में उपस्थित लोगों को बताया कि मानसिक रोग भी अन्य शारीरिक बीमारियों की तरह सामान्य होते हैं, और समय पर सही उपचार मिलने पर व्यक्ति पूर्णतः स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों के प्रति समाज में सहानुभूति और सहयोगपूर्ण व्यवहार अपनाया जाए, ताकि रोगी को उपचार के लिए प्रोत्साहन मिल सके।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के मानसिक स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य जागरूकता बढ़ाना, अंधविश्वास दूर करना और स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। ऐसे आयोजन मानसिक स्वास्थ्य को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
शिविर में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की।