
राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बानसूर उपखंड के भूपसेड़ा गांव में स्थापित 12.5 मेगावाट के सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधा संवाद किया और सोलर ऊर्जा अपनाने के अनुभव साझा किए। मुख्य सचिव ने किसानों को सोलर ऊर्जा से होने वाले आर्थिक और पर्यावरणीय लाभों की जानकारी दी।
मुख्य सचिव ने कहा कि सोलर ऊर्जा आज के समय में किसानों के लिए आय का एक मजबूत और स्थायी साधन बन सकती है। उन्होंने बताया कि सोलर प्लांट लगाकर किसान न केवल अपनी बिजली की जरूरतें पूरी कर सकते हैं, बल्कि अतिरिक्त बिजली बेचकर नियमित आमदनी भी प्राप्त कर सकते हैं। इससे खेती की लागत कम होती है और किसान आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनते हैं।

इस अवसर पर मुख्य सचिव ने भूपसेड़ा निवासी किसान बलबीर मोगर से उनके सोलर प्लांट के संचालन और लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी ली। किसान बलबीर मोगर ने बताया कि सोलर प्लांट लगने के बाद उनकी बिजली पर निर्भरता कम हुई है और नियमित आय का स्रोत भी विकसित हुआ है। उन्होंने अन्य किसानों को भी सोलर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया।