
अतिक्रमण मुक्त होने पर आम लोगों को आवागमन में मिली काफी राहत

संवाददाता। रणजीत कुमार। जहानाबाद। शहर में अतिक्रमण को लेकर चलाए जा रहे अभियान का असर पहले ही दिन देखने को मिला। 18 दिसंबर, 2025 दिन गुरुवार को प्रशासन की अपील लोगों पर काफी प्रभावी साबित हुई, जिसके कारण बड़ी संख्या में दुकानदारों ने खुद ही अतिक्रमण हटा लिया। हालांकि, नगर परिषद की तरफ से पिछले कई दिनों से लगातार लोगों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की जा रही थी। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी दीनानाथ सिंह के नेतृत्व में जेसीबी मशीन और पुलिस बल के जवानों के साथ नगर परिषद की टीम शहर में भ्रमण के लिए निकली। मगर, प्रशासनिक सख्ती से पहले ही लोगों ने अपनी दुकानों और ठेलों को हटाना शुरू कर दिया, जिससे किसी प्रकार की बलपूर्वक कार्रवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।
अतिक्रमण हटने के बाद शहर के काको मोड़ से अंबेडकर चौक तक, इसके अलावा सब्जी मंडी जाने वाले रास्ते और अस्पताल मोड़ के समीप का नजारा पूरी तरह बदल गया। जिन स्थानों पर फुटपाथ की दुकानों के कारण पैदल चलने तक की जगह नहीं रहती थी। वहां अब सड़कें और फुटपाथ काफी चौड़े और साफ नजर आने लगे हैं, अतिक्रमण मुक्त होने पर आम लोगों को आवागमन में काफी राहत मिली है।
हालांकि, प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि यह व्यवस्था कितने दिनों तक बनी रहती है। अक्सर देखा गया है कि अतिक्रमण हटाने के दौरान स्थिति बेहतर हो जाती है, लेकिन जैसे ही टीम लौटती है, दुकानदार फिर से पुराने स्थानों पर कब्जा जमा लेते हैं और हालात पहले जैसे हो जाते हैं।नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी दीनानाथ सिंह ने कहा कि जिस तरह से लोगों ने प्रशासन की अपील को मानते हुए स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाया है, उसके लिए नगर परिषद उन सभी को धन्यवाद देती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले दिन भी स्थिति का अवलोकन किया जाएगा और अगर कोई दुकानदार दोबारा अतिक्रमण करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।