

कबाड़ी के यहां RPF का छापा, रेलवे का लोहा बरामद
कटनी। मंगलनगर स्थित प्यासी सीमेंट के पास रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक कबाड़ी की दुकान पर छापामार कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान दुकान से रेलवे का लोहा बरामद होने की जानकारी सामने आई है। यह छापा मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे मारा गया, जहां RPF की टीम मौके पर जांच में जुटी रही।
सूत्रों के अनुसार संबंधित कबाड़ी को लेकर लंबे समय से रेलवे संपत्ति के अवैध खरीद-फरोख्त की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर RPF ने यह कार्रवाई की। छापे के दौरान दुकान में रखे लोहे और अन्य कबाड़ की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कितना सामान रेलवे से संबंधित है।
फिलहाल RPF की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। रेलवे के लोहे की मात्रा और आगे की कानूनी कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद सामने आने की संभावना है।
