
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिले के सभी कारा परिसरों—घाघीडीह केंद्रीय कारा, साकची कारा एवं घाटशिला उपकारा—की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक (नगर) श्री कुमार शिवाशीष, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री भगीरथ प्रसाद, एसडीएम धालभूम श्री चन्द्रजीत सिंह, एसडीपीओ घाटशिला श्री अजीत कुजूर, जेल उपाधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जेल परिसरों की सुरक्षा स्थिति, सीसीटीवी निगरानी, वॉच टावर, कैदियों के सेल, अस्पताल, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सहित सभी बुनियादी सुविधाओं का बिंदुवार मूल्यांकन किया गया। उपायुक्त ने कहा कि जेलों की सुरक्षा अत्यंत संवेदनशील विषय है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि—
कारा, उपकारा, बाल सुधार गृह, कैदी वार्ड एवं कोर्ट हाजत में औचक निरीक्षण और नियमित रेड की जाए।
सभी सुरक्षा मानकों की समय-समय पर जांच और सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित हो।
एमजीएम अस्पताल में कैदी वार्ड के लिए शीघ्र स्थल चयन किया जाए।
जमशेदपुर रेलवे स्टेशन में कोर्ट हाजत निर्माण की दिशा में आवश्यक पहल की जाए।
वॉच टावरों पर पर्याप्त सुरक्षा बल, पुलिस पेट्रोलिंग में वृद्धि और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता एवं अनुशासन के साथ करें, ताकि कारा सुरक्षा व्यवस्था अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और मजबूत बनाई जा सके।

