

रेपोर्ते
सुमेरपुर हमीरपुर। कस्बे की नवीन गल्ला मंडी के सचिव की उदासीनता के चलते राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक के आदेश के दो वर्ष बाद भी नवीन गल्ला मंडी में आढ़ती बगैर कनेक्शन के कटिया फांसकर विद्युत चोरी कर रहे हैं। विद्युत विभाग भी इन पर कोई कार्यवाही नहीं कर पा रहा है।
राज्य कृषि उत्पादन मंडी सचिव के निदेशक अंजनी कुमार सिंह ने वर्ष 2023 में 1 नवंबर को मंडी परिषद के समस्त उपनिदेशक एवं समस्त उपनिदेशक विद्युत यांत्रिक, मंडी सचिव को पत्र जारी करके स्पष्ट निर्देश दिए थे कि प्रदेश की सभी मंडियो में आढ़ती बगैर कनेक्शन के बिजली का अपनी फर्मो में उपयोग कर रहे हैं। यह अनियमितता है। सभी मंडी सचिव आढ़तियों को कनेक्शन के लिए बाध्य करें। इस आदेश के बाद भी आज तक किसी भी आढ़ती ने अपनी फर्म पर विद्युत कनेक्शन नहीं कराया है। शनिवार को नवीन गल्ला मंडी की गई पड़ताल में सभी 60 आढ़तो में कटिया से बिजली जलती हुई पाई गई। मंडी सचिव ब्रजेश निगम ने बताया कि कार्यालय कनेक्शन अलग कर दिया गया है आढ़तियों को नोटिस जारी करके बिजली कनेक्शन लेने के लिए बाधित किया जाएगा।
अवर अभियंता कार्तिकेय त्रिपाठी ने बताया कि मंडी कनेक्शन से व्यापारी चोरी कर रहे हैं उनका इससे कोई नहीं देना नहीं है। मंडी का कामन कनेक्शन है। जिससे बिजली चोरी हो रही है।