
जलगाँव … (जिमाका /अनिलकुमार पालीवाल)
भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के अंतर्गत वित्तीय सेवा विभाग द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान “आपले पैसे – आपला अधिकार” के अंतर्गत जलगाँव जिले में अनक्लेम्ड (अप्राप्त/अप्रयुक्त) जमा राशियों के संबंध में जनजागृति एवं समाधान हेतु विशेष निवारा शिविर का आयोजन किया गया है। यह शिविर दिनांक 24 अक्टूबर 2025 को सुबह 11 बजे जलगाँव जिलाधिकारी कार्यालय परिसर स्थित अल्पबचत सभागृह में आयोजित किया जाएगा।
इस शिविर का आयोजन जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक कार्यालय, जलगाँव की ओर से किया गया है। जिले की सभी बैंकें, बीमा कंपनियाँ एवं वित्तीय संस्थाएँ इसमें सहभागी होंगी। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी कार्यालय के अधिकारी,जनप्रतिनिधि, भारतीय रिझर्व बैंक के अधिकारी तथा विविध बैंकोंके वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को उनकी भूली हुई अथवा अप्राप्त आर्थिक संपत्तियों – जैसे बैंक जमा राशि, बीमा दावा, शेयर, डिविडेंड, म्यूचुअल फंड की राशि, पेंशन फंड आदि के बारे में जानकारी देना एवं उनके वैध दावों का निपटारा करने में सहायता करना है।
शिविर के दौरान UDGAM पोर्टल तथा अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए जमा राशियों की खोज, रिकॉर्ड अपडेट और दावा प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन किया जाएगा। साथ ही डिजिटल प्रदर्शन (डेमो) और हेल्प डेस्क सुविधा भी उपलब्ध होगी। जिन नागरिकों के दावे बैंकों द्वारा निकाले गए होंगे, उन्हें प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
नागरिकों से आवाहन किया गया है कि वे अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो सहित आवश्यक KYC दस्तावेज लेकर शिविर में उपस्थित रहें और इस जनहितकारी उपक्रम का लाभ उठाएँ। यह आवाहन जिला अग्रणी बैंक कार्यालय, जलगाँव द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से किया गया है l
