
मेदिनीनगर में ड्यूटी से लौट रहे पुलिस जवान की सड़क हादसे में मौत, विभाग में शोक की लहर
मेदिनीनगर। पुलिस लाइन में पदस्थापित जिला पुलिस बल के जवान ओरिया हेंब्रम (48) की शुक्रवार शाम एक सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना लगभग शाम 6 बजे पुलिस लाइन परिसर के समीप घटी। ड्यूटी खत्म कर अपने बैरक लौट रहे ओरिया हेंब्रम को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस मेंस एसोसिएशन को दी। सूचना मिलते ही एसोसिएशन के पदाधिकारी व साथी जवान मौके पर पहुंचे और घायल जवान को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक जवान ओरिया हेंब्रम वर्ष 2009 से मेदिनीनगर पुलिस लाइन में तैनात थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। साथी जवानों ने उन्हें अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और शांत स्वभाव का पुलिसकर्मी बताया।
पुलिस ने घटना के बाद फरार अज्ञात वाहन की तलाश तेज कर दी है और हादसे के संबंध में जांच शुरू कर दी गई है।
पलामू ब्यूरो चीफ दिव्यांशु तिवारी जी की रिपोर्ट