
इलाज के दौरान एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप
परिजनों ने मृतक को न्याय दिलाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
संवाददाता। रणजीत कुमार जहानाबाद। सदर अस्पताल में जमकर हंगामा हो गया। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो जाने के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया। मृतक राकेश कुमार जहानाबाद सदर प्रखंड के कल्पा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव का रहने वाला था। बताया जाता है कि सुबह लगभग 6 बजे पेट दर्द की शिकायत लेकर वह सदर अस्पताल पहुंचा था। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, इसी दौरान वह बाथरूम गया और वहीं गिरकर बेहोश हो गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ अस्पताल पहुँच गई और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही टाउन थाने की पुलिस और अस्पताल के गार्ड मौके पर पहुँचे और लोगों को समझाकर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व सांसद जगदीश शर्मा भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर दुख व्यक्त किए। पूर्व सांसद ने कहा कि यदि इस मामले में डॉक्टरों की ओर से लापरवाही हुई है, तो इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने परिजनों से शांत रहने की अपील करते हुए कहा कि “आप कानून को अपने हाथ में ना लें। चुनाव का समय है, आचार संहिता लागू है। न्याय की मांग के लिए कमेटी बनाकर सरकार से कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।” परिजनों ने मृतक को न्याय दिलाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
