
पिकअप व कार में जबरदस्त टक्कर से एक युवक की मौत दूसरा घायल
अपने दोस्त के साथ कार वाशिंग कराने जा रहा था मृतक
संवाददाता। रणजीत कुमार। जहानाबाद। जिले में स्थित पटना गया एनच 83 पर एरकी पेट्रोल पंप के समीप सोमवार की देर शाम कार वाशिंग कराने जा रहे दो युवकों की कार में पिकअप वैन ने टक्कर मार दी, जिस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के कर्पूरी नगर मोहल्ला निवासी धर्मेंद्र कुमार पंडित का 25 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार अपने दोस्त चंदन कुमार के साथ कार वाशिंग कराने जा रहा था। इसी दौरान जैसे ही दोनों की कार एरकी पेट्रोल पंप के समीप पहुंची, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार डिवाइडर से टकराकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल शिवम कुमार को पीएमसीएच पटना रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। चंदन कुमार का इलाज फिलहाल सदर अस्पताल में चल रहा है।
स्वजनों ने बताया कि उसके माता-पिता छठ पूजा कर रहे थे और शिवम पूजा में शामिल होने के लिए घाट जाने हेतु कार वाशिंग कराने निकला था। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पिकअप वैन और उसके चालक की तलाश जारी है।