
कोटपूतली-बहरोड़ जिले की पुलिस लाइन में सोमवार को पुलिस शहीद दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई ने शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पिछले वर्ष के दौरान देशभर में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए 186 पुलिसकर्मियों के नाम पढ़े और उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान शहीदों को भावपूर्ण सलामी दी गई, जो अत्यंत अनुशासित और भावनात्मक क्षण रहा। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत अधिकारी, थाना अधिकारी और पुलिस जवानों ने भी पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन किया।

मीडिया से बातचीत करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शहीद पुलिसकर्मी हमारे लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने अपने कर्तव्यपालन के दौरान जिस साहस, निष्ठा और सेवा भावना का परिचय दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए अनुकरणीय रहेगा। पुलिस विभाग अपने इन वीर साथियों के त्याग को सदैव स्मरण रखेगा और समाज की सुरक्षा के लिए समर्पित रहेगा।
दीपावली पर्व पर कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और समस्त पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को उनकी उत्कृष्ट ड्यूटी और सतर्कता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि “पूरी टीम ने त्योहारों के दौरान जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में उत्कृष्ट समन्वय और प्रतिबद्धता दिखाई है, जो सराहनीय है।”
कार्यक्रम में सभी अधिकारियों और जवानों ने मौन रखकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण कर कार्यक्रम संपन्न किया गया।