
कैमूर में उत्पाद विभाग ने 12 लाख की शराब पकड़ी: वाराणसी से सासाराम ले जाई जा रही थी, दो तस्कर भी पकड़े गए,

कैमूर उत्पाद विभाग ने दिल्ली-कोलकाता हाईवे स्थित मोहनिया चेकपोस्ट पर बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक हाइवा ट्रेलर से 915.6 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की, जिसका बाजार मूल्य लगभग 12 लाख रुपए बताया जा रहा है। इस मामले में चालक और खलासी को गिरफ्तार किया गया है।
वाराणसी से सासाराम लाई जा रही थी
यह शराब यूपी के वाराणसी से बिहार के सासाराम ले जाई जा रही थी। गिरफ्तार चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के मधुपुर हिनौता निवासी राम जन्म यादव (पुत्र पप्पू यादव) के रूप में हुई है, जबकि खलासी अंतिम कुमार (पुत्र ललन राजवंशी) भी सोनभद्र का ही रहने वाला है।
उत्पाद अधीक्षक गौतम कुमार कुमार ने बुधवार की शाम लगभग 7:00 बजे बताया कि समेकित जांच चौकी मोहनिया पर वाहनों की कड़ी जांच चल रही थी। इसी दौरान यूपी की तरफ से आ रहे 16 चक्का हाइवा ट्रेलर को रोका गया। ट्रेलर में बालू या गिट्टी की आड़ में एक लेयर में कुल 100 पेटी शराब छिपाई गई थी।
विधानसभा चुनाव में खपाने की मंशा थी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शराब वाराणसी से सासाराम ले जा रहे थे। उत्पाद अधीक्षक ने आशंका जताई कि इस शराब को विधानसभा चुनाव में खपाने की मंशा थी। उन्होंने यह भी बताया कि पकड़े गए तस्कर पहले चार बार शराब की तस्करी कर चुके हैं और यह उनकी पांचवीं कोशिश थी। विभाग अब इस सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की भी तलाश कर रहा है।