
रामपुर में बाइक पेड़ से टकराई: 2 युवक घायल, अस्पताल में भर्ती; ट्रैक्टर ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
कैमूर में मंगलवार को रामपुर प्रखंड के करमचट थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में दो युवक घायल हो गए। चौरासी आरडी-कुदरा मुख्य पथ पर यह घटना तब हुई जब बाइक सवार युवक एक ट्रैक्टर को ओवरटेक कर रहे थे।
घायलों की पहचान थीलोई गांव निवासी 16 वर्षीय अनुज कुमार (पिता विनोद शर्मा) और 18 वर्षीय साईं प्रेम शर्मा (पिता रमेश शर्मा) के रूप में हुई है। दोनों युवक चौरासी आरडी स्थित एक बैंक से काम निपटाकर घर लौट रहे थे।
लिली गांव के समीप ओवरटेक के दौरान सड़क किनारे लगे एक पेड़ की टूटी हुई डाल सड़क पर लटकी थी। बाइक सवार युवक इसी डाल से टकरा गए, जिससे वे सड़क किनारे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचित किया और घायलों को रामपुर सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टर नीरज कुमार की देखरेख में उनका इलाज किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि अनुज कुमार के चेहरे पर गहरी चोट आई है, जबकि साईं प्रेम शर्मा को हल्की चोटें लगी हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया।